लघुवेतन कर्मचारी संघ की प्रस्तावित भूमि के सीमांकन के बाद राजस्व विभाग ने जेसीबी से खाई लगाई, अवैध मटेरियल को भी हटाने के निर्देश

September 20, 2021

पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद लघुवेतन कर्मचारी संघ के आवासीय भूखण्डों के लिए प्रस्तावित भूमि के सीमांकन के बाद रविवार को मशीन से खाई लगाई। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद 11 सितम्बर को तहसीलदार वन्दना हरित की उपस्थित में राजस्व विभाग कर्मचारियों ने जमीन की नपती की थी व व अवैध मटेरियल (लकड़ी, पत्थर, ईंट) हटाने के निर्देश दिए थे। रविवार को पटवारी दिग्विजयसिंह चुण्डावत की उपस्थिति में जेसीबी मशीन से सीमांकन की गई जमीन के एक ओर खाई लगाई भूमि पर पड़े अवैध मटेरियल को हटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लघुवेतन कर्मचारी संघ संरक्षक राधेश्याम पंवार, अध्यक्ष कारुलाल मेघवाल, जगदीशचन्द्र खत्री, हरदीनराम जाट, रामनिवास कारपेन्टर, भवानीराम सोलंकी, मदनलाल सोलंकी, जगदीश पंवार, सहित बड़ी संख्या में लघुवेतन कर्मचारी संघ पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

यह है मामला:- जानकारी के अनुसार सन् 2006 में राजीव गांधी उद्यान के पीछे सर्वे नम्बर 54/4 व 54/6 भूमि पर कर्मचारियों को भूखण्ड देने के लिए शासन ने जमीन प्रस्तावित की थी। जिसकी गाइड लाइन कम करने के लिए लघुवेतन कर्मचारी संघ व शासन के बीच हाईकोर्ट में प्रकरण चल रहा है। इस बीच कुछ लोगों ने उक्त भूमि पर अवैध मटेरियल (मिट्टी, लकड़िया व पत्थर) डाल दिए थे। इसको लेकर लघुवेतन कर्मचारी संघ ने इंदौर हाईकोर्ट में सन् 2013 में वाद दायर किया था। यह प्रकरण लम्बे समय से विचाराधीन है। इस दौरान हाईकोर्ट ने 6 मई 2014 को उक्त भूमियों को लेकर स्थगन आदेश दिया था, जिसमें स्पष्ट लिखा था कि कोई भी व्यक्ति/संस्था भूमि को लेकर हस्तक्षेप न करे। हाल ही में इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसडीएम रोशनी पाटीदार, तहसीलदार वन्दना हरित ने राजस्व निरीक्षकों व पटवारियों की 14 सदस्यीय टीम का गठन किया था। टीम ने 11 सितम्बर 2021 जमीन की नपती कर दी थी।

You Might Also Like

0 comments