काले कृषि कानून को वापस लेने की मांग, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
September 28, 2021
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मालवा किसान संगठन व संयुक्त किसान मोर्चा ने संयुक्त रुप से आधे दिन पिपलिया नगर बंद रखा। किसानों के बंद के आव्ह्ान का कांग्रेस ने भी समर्थन किया। केन्द्र सरकार द्वारा लागू किए काले कृषि कानूून को वापस लेने व एमएसपी गारंटी को लेकर दोपहर 12.30 बजे राष्ट्रपति के नाम मल्हारगढ़ एसडीएम रोशनी पाटीदार को पिपलिया गांधी चोराहे पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन करते हुए किसान नेता अमृतराम पाटीदार ने बताया पूरे राष्ट्र का अन्नदाता विगत् 303 दिनों से आन्दोलनरत है। जिसमें 700 से अधिक किसान शहीद हो गए है। यह इतिहास का सबसे बड़ा एवं लम्बा चलने वाला आंदोलन है। 3 कृषि काले कानूनों का विरोध करते हुए अपने हक की मांग एवं आने वाली फसलों एवं नस्लों के बचाव के लिए विषय परिस्थितियों में अपना घर बार छोड़कर यहां पड़ा रहना कोई शोक नही हो सकता। अन्नदाताओं का यह पूरा अंदेशा है कि भारत सरकार उनके साथ बहुत बड़ा षड्यंत्र कर रही है। जो 2014 से आज तक वादाखिलाफी सरकार ने की है, वह किसी से छुपी नही है। इसलिए किसान अपने जान-माल की कुर्बानी देते हुए विषम परिस्थितियों में भी सामना कर रहा है। निरंकुश सरकार से तीनों कृषि कानून वापस करवाने के लिए चाहे जो कुर्बानी देना पड़े देश का किसान देने को तैयार है। ज्ञापन में लिखा कि सरकार को शायद यह नही भूलना चाहिए कि अंग्रेजों से आजादी दिलाने में भी यह किसान था। एसा आज देश के बड़े बुद्धिजीवी मानते है। अन्त में इस ज्ञापन द्वारा आपसे अनुरोध है कि किसानों की मांग पर संज्ञान लेते हुए आप सरकार को आदेशित करें। इस अवसर पर किसान संगठन के पदाधिकारीगण दिलीप पाटीदार, रामचन्द्र पाटीदार, बन्शीलाल पाटीदार, हन्सराज पटेल, दिलीप पटेल, श्यामलाल राठौड़, जितेन्द्र पाटीदार, मुरली पाटीदार, महेश व्यास के साथ ही कांग्रेस नेतागण मोहनलाल गुप्ता, कमलेश पटेल, अनिल शर्मा, अशोक खिंची, लियाकत मेव, कमल परसिंधिया, मानसिंह चोहान, अनिल बोराना, महेश पाटीदार, रघुवीरसिंह सोगनरा, नरेश सैनी, शांतिलाल धनगर, कुन्जीलाल पाटीदार, अशोक कोहली, अनिल मुलासिया आदि उपस्थित थे।
0 comments